गौरी बाजार। क्षेत्र के मठिया माफी चौराहे के समीप बुधवार की रात बाइक और स्कूटी की टक्कर हो गई। हादसे में एक लड़की सहित दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के लिए उन्हें सीएचसी लाया गया। जहां उनकी गंभीर स्थिति देख चिकित्सक ने मेडिकल कॉलेज देवरिया रेफर कर दिया। कोतवाली थाना क्षेत्र के रामनाथ देवरिया निवासी शैलेंद्र कुमार शर्मा (41 वर्ष) अपनी बाइक से गौरी बाजार से रुद्रपुर जा रहे थे। वे अभी मठिया माफी चौराहे के समीप पहुंचे थे कि शाइस्ता (17 वर्ष) पुत्री हनी निवासी ग्राम पथरहट अपनी स्कूटी से गौरी बाजार की तरफ आ रही थी। स्कूटी और बाइक की आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।