बरियारपुर। बेलवनिया उर्फ हासिमचक गांव में सोमवार को जमीन विवाद में दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई। इस दौरान एक युवक पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला किया गया।
हमले में गंभीर रूप से घायल युवक को देवरिया मेडिकल कॉलेज से गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। गांव निवासी दोनों पक्षों के बीच काफी समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था।
सोमवार को यह विवाद बढ़ गया और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। पहले उनके बीच कहासुनी हुई। फिर मारपीट में बदल गई। आरोप है कि इसी दौरान एक पक्ष के लोगों ने अजित पुत्र सुदामा पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले के बाद अजित गंभीर रूप से लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा।
परिजन ने घायल अजित को तुरंत देवरिया मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने उसकी नाजुक हालत देखते हुए बेहतर उपचार के लिए गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। गोरखपुर में भी अजित की हालत अभी नाजुक बनी हुई है। बरियारपुर के थानाध्यक्ष दीपक सिंह ने बताया कि अभी तक मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर पुलिस आवश्यक कानूनी कार्रवाई करेगी। वहीं सलेमपुर के क्षेत्राधिकारी गौरव सिंह ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है। उन्होंने जानकारी कर जांच कराने और तथ्यों के आधार पर कार्रवाई का आश्वासन दिया।