देवरिया। आपदा जोखिम न्यूनीकरण पर एशियाई मंत्रियों के सम्मेलन में भाग लेने के लिए जिले के दो नगर पालिका अध्यक्षों को बुलावा पत्र भेजा गया है। गृह मंत्रालय की ओर से आयोजित सम्मेलन में भागीदारी करेेंगे। सम्मेलन का उद्घाटन प्रधानमंत्री करेंगे।
केंद्र सरकार, यूनाइटेड नेशंस इंटर नेशनल स्ट्रेटजी फॉर डिजास्टर रिडक्शन के साथ मिलकर तीन से पांच नवंबर तक विज्ञान भवन में सम्मेलन का आयोजन कर रही है। आपदा जोखिम न्यूनीकरण के क्षेत्र में भारत की उपलब्धियों और क्षमताओं को दर्शाने के लिए प्रदर्शनी, सांस्कृतिक और अन्य कार्यक्रम होंगे। सरकार का मानना है कि आपदा जोखिम न्यूनीकरण की जरूरतों के निर्धारण और आपदा प्रबंधन संबंधी प्रक्रियाओं में सुधार करने में स्थानीय प्राधिकारियों की भूमिका महत्वपूर्ण है।
गृह मंत्रालय की संयुक्त सचिव बीना कुमारी ने नगर पालिका अध्यक्ष देवरिया और गौरा बरहज को लिखे पत्र में कहा है कि सम्मेलन में उपस्थिति से वास्तविक जीवन के अनुभव पर आधारित विभिन्न सत्रों से जानकारी में वृद्धि होगी।
आपदा जोखिम न्यूनीकरण से संबंधित एशिया क्षेत्रीय योजना को अंतिम रूप देने में मदद मिलेगी। संयुक्त सचिव ने यूपी के रेजीडेंट कमिश्नर को नई दिल्ली और एनसीआर में स्थित स्टेट रेजीडेंसी में आवास की व्यवस्था करने की सलाह दी गई है।