परसिया मिश्र प्रधान अशोक मिश्र की पिकअप से कुचलकर हुई थी हत्या
तीन आरोपी अब भी फरार, दो को गिरफ्तार कर भेजा जा चुका है जेल
देवरिया/खुखुंदू। परसिया मिश्र प्रधान और प्रधान संघ जिलाध्यक्ष की पिकअप से कुचलकर की गई हत्या के मामले में दो और आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़े हैं। हालांकि पुलिस इससे इंकार कर रही है। सूत्रों की मानें तो पुलिस ने बस्ती क्षेत्र से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जबकि मामले के तीन और आरोपी अब भी फरार हैं।
उधर, पुलिस की पूछताछ में पिकअप चालक ने कबूला था कि चालीस हजार रुपये में प्रधान संघ अध्यक्ष को मारने के लिए सौदा हुआ था। इस मामले में पुलिस ने पहले ही चालक सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है।
11 अक्टूबर को देवरिया जाते समय परसिया मिश्र प्रधान अशोक मिश्र की भरौली चौराहे के पास पिकअप से कुचलकर हत्या कर दी गई थी। बेटे प्रियांशु की तहरीर पर पुलिस ने सोन्हुला निवासी आविद, गांव निवासी अजय तिवारी, मुकेश मिश्र, अतुल और कौशलेश मिश्र सहित पिकअप चालक के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया था। पुलिस इस मामले में पहले ही रूदल यादव पुत्र बलिराज यादव निवासी शेरवां बभनौली थाना खुखुंदू को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
पुलिस पूछताछ में चालक ने ही कबूला था कि सोन्हुला निवासी आविद खान से चालिस हजार रुपये में प्रधान संघ अध्यक्ष की हत्या करने का सौदा हुआ था। हालांकि घटना के बाद से ही मुख्य आरोपी फरार चल रहे थे। सीओ सिटी श्रीयश मिश्र ने बताया कि दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।