सिविल लाइंस पर के कचहरी चौराहे पर लगा जाम, संवाद
प्रदर्शन के कारण लोगों को हुई दिक्कत, मरीजों को अस्पताल में पहुंचने में हुई देरी
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। धरना-प्रदर्शन के कारण सोमवार को सिविल लाइंस रोड पर करीब दो किलोमीटर का जाम लग गया। जाम में फंसे एंबुुलेंस के हूटर बजते रहे। मरीजों को अस्पताल पहुंचने में देर हुई। जबकि दूसरी तरफ रेलवे स्टेशन पर ट्रेन पकड़ने के लिए घर से निकले लोगों को भी जाम में फंसना पड़ा, जिससे कुछ लोगों की यात्रा भी बाधित हुई।
दोपहर में कुछ संगठनों के धरना-प्रदर्शन का असर शहर की सड़कों पर देखने को मिला। सिविल लाइंस रोड पर ओवरब्रिज के पास से भटवलिया चौराहे तक अचानक जाम लग गया। इसमें दो एंबुुुलेंस फंसे रहे। जिन्हें दो सौ मीटर की दूरी तय करने में आधे घंटे का समय लग गया। मेडिकल कॉलेज रोड पर भी जाम के कारण मरीजों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। ई-रिक्शा चालकों और ऑटो रिक्शा की मनमानी के कारण जाम की समस्या उत्पन्न हो गई है। सिविल लाइंस पर जाम की वजह से कोतवाली रोड पर करीब पांच सौ मीटर तक जाम में वाहन फंसे रहे। मोती लाल रोड पर भी जाम की समस्या देखने को मिली। इसी तरह को-ऑपरेटिव चौराहे से रेलवे स्टेशन को जाने वाली सड़क पर भी जाम लग गया था। कचहरी चौराहे के पास जाम में फंसे बैरौना निवासी मनोज कुमार ने बताया कि ट्रेन पकड़ने के लिए निकला था, लेकिन जाम में फंसने के कारण अब बस से लखनऊ जाना पड़ेगा। अमरनाथ ने बताया कि आम्रपाली ट्रेन पकड़ने के लिए स्टेशन पर जा रहा था। आधे घंटे जाम में फंस गया, इसके चलते ट्रेन छूट गई।
-
कोट:
सोमवार को अचानक भीड़ बढ़ जाती है, इसके चलते जाम सिविल लाइंस पर लग गया था। धरना-प्रदर्शन के कारण दोपहर में जाम लगा रहा। कोतवाली रोड पर वाहनों का दबाव अचानक बढ़ने से जाम लग गया।
गुलाब सिंह टीएसआई