फोटो कैप्शन भाटपार रानी के ग्राम फुलवरिया के पास ट्रक और टैंकर की भिड़ंत में टैंकर के परखच्चे,
भाटपाररानी। थाना क्षेत्र अंतर्गत सलेमपुर मैरवा मार्ग पर फुलवरिया चौराहे के समीप शुक्रवार को तड़के ट्रक और टैंकर की आमने- सामने टक्कर हो गई। इसमें टैंकर में सवार दो खलासियों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। टैंकर चालक बाल-बाल बच गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई के बाद उन्हें पोस्टमार्टम में भेज दिया।
भारत पेट्रोलियम का पेट्रोल टैंकर शुक्रवार की भोर में मैरवा से पेट्रोल खाली कर वापस बैतालपुर भारत पेट्रोलियम पर जा रहा था। भाटपाररानी थाना क्षेत्र के फुलवरिया स्थित पेट्रोल पंप के पास टैंकर पहुंची थी कि सामने से आ रही तेज रफ्तार की ट्रक से आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई।
तेज आवाज सुनकर आसपास के गांव के लोग मौके पर पहुंचे। हादसे में टैंकर में सवार दो खलासी की मौके पर मौत हो गई। चालक बाल-बाल बच गया था। लोगों द्वारा शवों को निकाल कर पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने टैंकर के मालिक रामजन्म यादव निवासी इटवा सिरजम खास थाना गौरी बाजार को बुलाया और शवों की पहचान कराई। मृतकों की पहचान गौरी बाजार थाना क्षेत्र के गुड़ही ग्राम निवासी शेषनाथ (35 वर्ष) पुत्र गिरधारी तथा बिहार नालंदा जिला के बिहार शरीफ थाना क्षेत्र के ग्राम बनौलिया निवासी मोहम्मद अफरोज (45 पुत्र) मोहम्मद शमी के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों शवों को विधिक कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष भाटपाररानी अभिषेक कुमार राय ने बताया कि ट्रक-टैंकर की टक्कर में दो लोगों की मौत हुई है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अभी कोई तहरीर नहीं आई है।