चनुकी। लार थाना क्षेत्र के अलग-अलग गांव की रहने वाली दो सहेलियां रविवार को एक साथ घर से लापता हो गईं। खोजबीन के बाद जब दोनों का पता नहीं चल सका तो परिवार के लोग परेशान हो गए। एक युवती के घरवालों ने पुलिस को तहरीर देकर लड़कियों को हरियाणा में बेचने की आशंका जताई है। पुलिस एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
आरोप है कि पुलिस जिस व्यक्ति को हिरासत में ली है वह और उसका भाई हरियाणा में लड़कियों को बहला-फुसला कर ले जाते हैं और वहीं शादी करवाता है। जिसके एवज में इन लोगों को पैसा मिलता है। बताया जा रहा है कि लार थाना क्षेत्र के एक गांव की युवती एक दूसरे गांव की युवती की सहेली है। आए दिन दोनों एक दूसरे के घर आया जाया करती थीं।
रविवार की शाम एक युवती अपने सहेली की घर गई और वहां से दोनों लापता हो गईं। इधर घर से सहेली के घर जाने की बात कह कर गई युवती जब दूसरे दिन घर वापस नहीं आई तो परिजन उसे खोजने उसके सहेली के घर पहुंचे तो पता चला कि दोनों घर से लापता हैं। एक युवती की मां पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। एक साथ दो युवती के फरार होने के बाद हरियाणा के रैकेट होने की आशंका जताते पुलिस एक को हिरासत में लिया है। पुलिस की हिरासत आये व्यक्ति के मोबाइल में गायब दोनों युवतियों के मोबाइल नंबर है। वह अपने भाई के साथ मिल कर कई लड़कियों को बहला फुसला कर हरियाणा में पैसे पर शादी करवाता है। प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार का कहना है कि जांच की जा रही है।