सीएचसी अधीक्षक की तहरीर पर दो डॉक्टरों के खिलाफ केस दर्ज
सलेमपुर। सीएचसी अधीक्षक डॉ. अतुल कुमार की तहरीर पर कोतवाली में दो डाक्टरों के खिलाफ केस दर्ज किया गया। यह कार्रवाई जिलाधिकारी के निर्देश पर की गई है। कोतवाली क्षेत्र के जमुई गांव निवासी संजना देवी पत्नी दीनदयाल की 20 अगस्त 2019 को जहर खाने से मौत हो गई थी। गाजियाबाद के राजहंस बंसल ने मानवाधिकार आयोग में दो डाक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए डीएम आशुतोष निरंजन ने चार लोगों की टीम गठित कर जांच कराने का निर्देश दिया था। सलेमपुर एसडीएम ओमप्रकाश बरनवाल, सीओ कपिल मुनि सिंह, बीडीओ ओम प्रकाश प्रजापति व एसीएमओ डॉ सुरेंद्र सिंह ने जांच की। सल्फास खाने से महिला की मौत की पुष्टि हुई। टीम ने डीएम को रिपोर्ट सौंप दी। डीएम के आदेश पर शुक्रवार की देर शाम सीएचसी के प्रभारी डॉ. अतुल कुमार ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर खुखुंदू थाना क्षेत्र के मुजुरी चौराहा के डॉ. कृष्ण विश्वास उर्फ बंगाली डॉक्टर व कोलुआ चौराहा के डॉ. एस.एस पिंटू के खिलाफ धोखाधड़ी व इंडिया मेडिकल काउंसिल के तहत केस दर्ज किया। इस बाबत कोतवाल नवीन कुमार मिश्र ने बताया कि सीएचसी के प्रभारी डॉ. अतुल कुमार की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।