देवरिया में कोरोना से दो की मौत, 72 की रिपोर्ट आई पॉजिटिव
देवरिया। जनपद में कोरोना संक्रमण थमने नहीं रहा है। हर रोज संक्रमित मिल रहे हैं। वहीं लोग काल के गाल में समा रहे हैं। बृहस्पतिवार को दो लोगों की कोरोना से जहां मौत हो गई वहीं 72 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। जनपद में अप्रैल से अब तक पॉजिटिव की संख्या 12137 हो गई है। एक्टिव केस 2427 पहुंच गया है। जबकि 9633 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। जिले में अब तक 77 लोगों की मौत हो चुकी है। होम आइसोलेशन में 2415 लोग हैं। जिला चिकित्सालय परिसर स्थित एमसीएच विंग एल 2 अस्पताल में 58 तथा चार निजी अस्पताल में 27 लोगों का इलाज चल रहा है।
जनपद में कोविड-19 पांव पसार रहा है। इसके नियंत्रण को लेकर प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग सतर्क है। इससे बचाव के नियमों का पालन करने के लिए लोगों को जागरूक किया जा रहा है। पुलिस सख्ती दिखा रही है और बिना मॉस्क लगाए लोगों के खिलाफ कार्रवाई भी कर रही है, लेकिन इसका असर कम ही दिख रहा है। एसीएमओ डॉ. सुरेंद्र सिंह ने बताया कि कोरोना संक्रमण रोकने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं। सैंपलिंग के साथ ही अन्य जांच बढ़ा दी गई है। लोगों से मॉस्क लगाने, सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने तथा 45 वर्ष के ऊपर के लोगों से टीकाकरण कराने की अपील की जा रही है।
बारिश से टीकाकरण की गति धीमी, 499 लोगों को लगी वैक्सीन
देवरिया। जनपद में बुधवार से हो रही बारिश से टीकाकरण कार्य प्रभावित हुआ। वहीं वेस्टेज रोकने के विभाग के प्रयास का भी वैक्सीनेशन पर असर पड़ा। बारिश के कारण लोग घरों से नहीं निकले और टीकाकरण के लिए केंद्रों पर नहीं पहुंचे। वहीं केंद्रों पर दस लोगों के पहुंचने पर ही टीका लगाने की बात कही गई। कुछ केंद्रों पर लोग घंटों इंतजार करने के बाद वापस लौट गए।
जनपद के 40 केंद्रों पर बृहस्पतिवार को कोविड टीकाकरण हुआ। इन केंद्रों पर 97 बुजुर्गों, 45 वर्ष से ऊपर के 281 लोगों, छह हेल्थ केयर वर्कर सात फ्रंट लाइन वर्करों को वैक्सीन की प्रथम तथा 108 लोगों को द्वितीय डोज दी गई। लक्ष्य 3140 के सापेक्ष 499 लोगों को वैक्सीन की डोज दी गई। कुल उपलब्धि 15.89 प्रतिशत रही।
..........