बरियारपुर। जेठहंसी में बुधवार को दो दिवसीय जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का आयोजन मेरा युवा भारत एवं स्वामी विवेकानंद यूथ क्लब जेठहंसी के संयुक्त तत्वावधान में एक निजी स्कूल परिसर में हुआ।
प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी रीता मिश्रा एवं जिला युवा अधिकारी (डीवाईओ) चंद्रभूषण चौबे ने संयुक्त रूप से किया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने की अपील की।
खो-खो प्रतियोगिता में रामपुर कारखाना ने विशुनपुरा को 12-9 से पराजित किया। वहीं दूसरे मुकाबले में देवरिया स्टेडियम की टीम ने बहोरपुर को 22-3 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया।
कबड्डी मुकाबले में भटनी और रामपुर कारखाना के बीच खेले गए मैच में रामपुर कारखाना की टीम विजयी रही। वॉलीबाल प्रतियोगिता के पहले मैच में महुआपाटन ने बनहवा टोला को 15-12 व 15-9 से हराया। दूसरे मुकाबले में जेठहंसी की टीम ने महुंई को 14-7 व 15-8 के अंतर से मात दी।
प्रतियोगिता की कमेंट्री प्रमोद चौहान ने की। इस मौके पर शशांक पांडेय, अधिशासी अधिकारी अमिताभ मणि त्रिपाठी, गरीमा पांडेय, अभिषेक पांडेय, पियूष पांडेय, अनुराग पांडेय मौजूद रहे।