रामपुर बुजुर्ग। बिहार के सिवान जिले में भेजी गई अवैध शराब की बड़ी खेप नौतन थाना क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान पकड़ी गई। शराब की यह खेप ट्रक में लदी थी। पुलिस ने 65 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। ट्रक को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान दिनेश यादव पुत्र खेदू यादव निवासी ग्राम करजनिया थाना श्रीरामपुर जिला देवरिया तथा योगेंद्र कुशवाहा पुत्र बाबूलाल भगत निवासी ग्राम सवनहा थाना भोरे जिला गोपालगंज के रूप में हुई है। प्रतापपुर की ओर से आने वाले मार्ग पर मठिया मोड़ चारमुहानी के पास वाहन जांच के दौरान ट्रक को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान ट्रक के भीतर छिपाकर रखी गई 65 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई, जिस सड़क पर ट्रक पकड़ा गया, वह देवरिया जिले के श्रीरामपुर थाना क्षेत्र से होकर मठिया मोड़ होते हुए सिवान जाती है। पुलिस ने दोनों आरोपितों के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में अन्य संलिप्त लोगों की गिरफ्तारी के लिए छापा मारा जा रहा है। संवाद