भाटपार रानी। नगर के स्टेशन रोड के पास कमरे में बंधक बनाकर मनबढ़ों की पिटाई से घायल शिक्षक सुजीत कुमार 40 पुत्र डॉ. राजवंशी का इस समय परिजन गोरखपुर में इलाज करा रहे हैं। पुलिस ने घायल शिक्षक सुजीत कुमार की नामजद तहरीर पर तीन नामजद और कुछ अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर दो मनबढ़ों को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। तीसरे की पुलिस सरगर्मी से तलाश कर रही है। दूसरे घायल दीपलाल 30 पुत्र चंदेश्वर निवासी सीतामढ़ी बिहार को उसके परिजन इलाज के लिए गांव लेकर चले गए हैं।
मुख्य अभियुक्त महेंद्र थाना खामपार के ग्राम मालीछापर का रहने वाला है। वह घायल शिक्षक सुजीत कुमार सिंह के बगल के मकान में किराए पर कमरा लेकर रहता है और आर्केस्ट्रा का संचालक है। घायल सुजीत कुमार के परिजनों ने बताया है कि सुजीत अभी बोलने की स्थिति में नहीं है। परिजनों ने बताया है कि हमलावरों से उसकी पुरानी रंजिश चली आ रही थी।
हमलावर रविवार की सायं काल उसे खींचकर कमरे में लेकर चले गए और अंदर से कमरा बंद कर उसे नंगा कर 3 घंटे तक मारते पीटते रहे और उसे लहूलुहान कर दिए। इस दौरान हमलावर शराब पी रहे थे। बगल में एक समारोह में डीजे बज रहा था, जिससे उसके चिल्लाने की आवाज सुनाई नहीं दे रही थी।
बगल का एक व्यक्ति जो ठेले पर पानी पुरी बेचता है देर सायं आया तो देखकर हक्का-बक्का रह गया और शोर मचाया। हमलावर उस पर भी टूट पड़े तो वह भाग गया। शोर सुनकर हम लोग आए तो उसे इलाज के लिए अस्पताल ले गए। इस समय उनका इलाज गोरखपुर चल रहा है।
एसओ अभिषेक राय ने बताया है कि महेंद्र, धीरज और बंटी और कुछ अज्ञात के विरुद्ध मारपीट का मुकदमा दर्ज किया गया है। महेंद्र और धीरज को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। तीसरे की तलाश जारी है।