देवरिया में बीटेक के छात्र मनीष पांडेय को नोएडा जाना था। वह भटनी रेलवे स्टेशन पर रिजर्वेशन कराने गए थे। आरक्षण के लिए अलग काउंटर न होने से उनको घंटों इंतजार करना पड़ा। व्यवस्था से परेशान हुए मनीष ने सोमवार को भटनी में आरक्षण काउंटर अलग न होने की शिकायत रेल मंत्रालय के ट्विटर हैंडल पर की। शिकायत के 12 घंटे के भीतर ही रेल मंत्रालय के साथ ही साथ डीआरएम वाराणसी ने मामले को संज्ञान में लेकर समाधान का भरोसा दिलाया।
भटनी जंक्शन रेलवे स्टेशन पर तीन टिकट काउंटर हैं। इसमें से एक बंद रहता है। बाकी दो में से एक पर सिर्फ जनरल टिकट दिया जाता है जबकि दूसरे काउंटर पर रिजर्वेशन के साथ ही जनरल टिकट भी जारी किया जाता है। जिसके कारण यात्रियों को रिजर्वेशन कराने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। करीब 10 दिन पूर्व भटनी के कुरमौटा ठाकुर गांव निवासी मनीष पांडेय रिवर्जेशन कराने गए थे। सुबह पांच बजे से रिजर्वेशन के लिए लाइन लगी थी। लेकिन एक ही काउंटर से रिजर्वेशन और जनरल टिकट जारी किए जा रहा था।
मनीष का कहना है कि काउंटर पर बैठे कर्मचारी हर आधे घंटे पर रिजर्वेशन बंद कर देते हैं। इससे परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने सोमवार को रेल मंत्रालय के ट्विटर हैंडल पर ट्वीट कर इसकी शिकायत की। रेलवे की तरफ से समस्या के समाधान का आश्वासन मिला है। डीआरएम वाराणसी ने भी संबंधित अधिकारियों को गौर करने का निर्देश दिया है।