पिपरा चन्द्रभान गांव के समीप करंट के चपेट में आया ट्रक मजदूर की मौत।
- फोटो : DEORIA
ट्रक पर चढ़े मजदूर की करंट से मौत
पिपरा चंद्रभान गांव के पास शनिवार की सुबह हुआ हादसा
रुद्रपुर के डहरौली गांव का रहने वाला था मजदूर संजय
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया/सोनूघाट। सदर कोतवाली के पिपरा चंद्रभान गांव के पास ट्रक पर चढ़कर बालू उतारते समय एक मजदूर हाईटेंशन तार की चपेट में आ गया। करंट से उसके शरीर में आग लग गई और वह ट्रक से नीचे गिर गया। मौके पर ही मजदूर की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची सदर कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई की।
रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र के डहरौली गांव निवासी संजय (45) पुत्र राजदेव शहर के खरजरवां मोहल्ले में किराए का मकान लेकर रहता था। वह मजदूरी कर परिवार की जीविका चलाता था। शनिवार को पिपरा चंद्रभान गांव के पास ट्रक से बालू उतारने गया था। करीब सुबह नौ बजे संजय बालू उतारने के लिए ट्रक पर चढ़ गया। इसी दौरान वह ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन करंट की चपेट में आ गया। करंट की चपेट में आने से संजय की शरीर में आग लग गई। जलते हुए वह ट्रक से नीचे आ गिरा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मौके पर ही उसकी मौत हो गई। जानकारी मिलते ही लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव के पहचान की कोशिश की। कुछ देर बाद ही उसकी पहचान संजय निवासी डहरौली रुद्रपुर के रूप में हुई। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी कराकर शव का पोस्टमार्टम कराया। संजय की मौत से पत्नी अमरावती देवी, बेटों अरुण 12 और आदित्य छह का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। बड़े बेटे अरुण ने कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है। सदर कोतवाल अरुण मौर्य ने बताया कि मामले में कार्रवाई की जा रही है।