संवाद न्यूज एजेंसी
गौरीबाजार। गौरी बाजार थाना क्षेत्र के ग्राम गौरी बुजुर्ग निवासी ट्रक चालक की बिहार प्रांत के गोपालगंज में ट्रक का चक्का बदलते समय दूसरे ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई। उसकी मौत की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया।
गौरीबाजार के गौरी बुजुर्ग के मोहन यादव (30) पुत्र रामदास यादव ट्रक चलाकर अपने परिवार का जीवन यापन करते थे। वह ट्रक लेकर बिहार प्रांत के गोपालगंज गए थे। जहां रविवार की देर रात उनके ट्रक का टायर ब्लास्ट हो गया। वह अपने ट्रक का टायर बदल रहे थे। उसी समय बगल से गुजर रहे तेज रफ्तार दूसरे ट्रक ने उन्हें रौंद दिया। इससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मौत की सूचना जैसे ही गांव पहुंची घर में चीख-पुकार मच गई।
मोहन का एक छोटा बच्चा है। पत्नी की मौत पहले ही हो चुकी है। बच्चे के सिर से माता-पिता दोनों का साया उठ गया। इस घटना के बाद परिवार के लोगों का रोकर बुरा हाल हो गया।