रामपुर कारखाना (देवरिया)। सदर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में मामूली विवाद में कुछ लोगों ने चाकू घोंपकर ट्रक चालक की हत्या कर दी। चाकू मारने के बाद आरोपी मौके से भाग निकले। शोर सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधीक्षक विक्रांत वीर और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर पहुंच की छानबीन किया।
सदर कोतवाली थाना क्षेत्र के भीमपुर निवासी सनोज यादव 35 वर्ष पुत्र जुगल किशोर यादव ट्रक चालक था। बताया जा रहा है कि शुक्रवार की शाम वह गांव के पश्चिम परसिया रोड के पास किसी कार्य से गया हुआ था। आरोप है कि यहां पहले से मौजूद आधा दर्जन युवकों से किसी बात को लेकर सनोज की नोकझोंक हो गई। इसी दौरान किसी ने सनोज के पेट में चाकू घोंक दिया। सनोज ने बचाव में शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। बताया जा रहा है कि कुछ लोगों ने घटनास्थल से चार से पांच युवकों को परसिया गांव की ओर भागते देखा।