देवरिया के सोनूघाट मुख्य मार्ग पर स्थित घटैला चेती गांव के पास बुधवार को एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार युवक को रौंद दिया। युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। उसका शव क्षत-विक्षत हो गया। मौके पर भारी संख्या में भीड़ एकत्रित हो गई, जिसके चलते सड़क के दोनों तरफ कुछ देर से लिए आवागमन ठप हो गया।
मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष ने पंचनामा बनाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया। इसके बाद आवागमन सुचारु रुप से बहाल हो सका। बरियापुर थाने के पडरी मल्ल गांव निवासी कन्हैया गौंड का पुत्र सोनू(25) सुबह में घर से बाइक से महुआनी चौराहे पर किसी काम से आया था। काम खत्म कर वह वापस अपने घर जा रहा था।
अभी वह घटैला चेती गांव के सामने पहुंचा ही था कि पीछे से आ रही तेज रफ्तार ट्रक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। इस घटना में सोनू की मौके पर ही मौत हो गई। उसका शव क्षत-विक्षत हो गया। सूचना के बाद मौके पर भारी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों ने घटना को अंजाम देकर भाग रहे ट्रक को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह भागने में सफल हो गया।
लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ट्रक के पीछे लगी है। इस घटना के बाद लोगों में काफी आक्रोश व्याप्त था। घटैला चेती गांव के सामने सड़क पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जुटी थी, जिससे वाहनों की कतार लग गई थी। बीच सड़क पर क्षत विक्षत शव होने के चलते बड़े वाहन नहीं आ पा रहे थे। सूचना पर पहुंचे एसओ दिग्विजय सिंह ने पंचनामा तैयार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवा आवागमन बहाल करवाया।