देवरिया। औराचौरी स्थित भाजपा कार्यालय में मंगलवार को आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा को लेकर जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें स्वतंत्रता दिवस पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों पर चर्चा की गई। जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने कहा कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी पार्टी कार्यकर्ता आमजन के साथ तिरंगा यात्रा व अन्य कार्यक्रमों के माध्यम से देशभक्ति की भावना के साथ राष्ट्रीय पर्व मनाएंगे। सात व आठ अगस्त को सभी मंडलों में मंडल योजना बैठक होगी। 10 से 12 अगस्त तक प्रत्येक मंडल में एक से दो किमी लंबी तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी, जो शहीद स्मारक से शुरू होकर शहर या कस्बे के प्रमुख स्थलों से होकर गुजरेगी। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान शहीदों, युद्धवीरों व पुलिस कर्मियों के घरों का दौरा कर उनके परिजनों को सम्मानित किया जाएगा। संवाद