छात्रा से छेड़खानी, स्कार्पियो में जबरन बैठाने की कोशिश
प्रभावशाली लोगों के दबाव में आई मईल पुलिस कार्रवाई से कर रही परहेज
संवाद न्यूज एजेंसी
लार रोड। कॉलेज से घर जा रही एमए की छात्रा के साथ युवकों ने सरेराह छेड़खानी कर स्कार्पियो में बैठाने की कोशिश की। शोर मचाने पर राहगीर रुक गए, इस बीच आरोपी वहां से फरार हो गए। छात्रा ने पुलिस को नामजद तहरीर दी है।
मईल थाना क्षेत्र के एक गांव की छात्रा लार नगर के एक कॉलेज में एमए की पढ़ाई करती है। प्रतिदिन वह घर से लार रोड तक पैदल आती है और टेंपो से कॉलेज जाती है। आरोप है कि पड़ोसी गांव के कुछ प्रभावशाली घरों के युवक आए दिन छेड़खानी करते हैं। दो दिन पूर्व कॉलेज से घर जाते समय छात्रा को स्कार्पियो सवार युवकों ने रोका और कागज देने का प्रयास किया। छात्रा ने इसका विरोध किया तो एक युवक उसका हाथ पकड़ कर स्कार्पियो में बैठाने लगा। शोर मचाने पर उधर से गुजर रहे राहगीर रुके तो युवक गाड़ी लेकर फरार हो गए। जाते समय युवकों ने कहा कि अगर कहीं शिकायत की तो दूसरे दिन से कॉलेज जाना मुश्किल हो जाएगा। स्थानीय लोगों का कहना है कि युवक अक्सर कॉलेज व स्कूल जाने वाली छात्राओं से छींटाकशी करते हैं। पुलिस की निष्क्रियता से आए दिन ऐसी घटनाएं हो रही हैं। प्रभावशाली लोगों से जुड़ा मामला होने के कारण कार्रवाई की बजाए पुलिस मामले को मैनेज करने में जुटी है। इंस्पेक्टर मईल रविंद्र कुमार रवि ने बताया कि तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है।