सदैव याद की जाएंगी पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी: धर्मेंद्र
देवरिया/सलेमपुर। कांग्रेस कार्यालय पर बृहस्पतिवार को पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की 103वीं जयंती मनाई गई। कार्यकर्ताओं ने पूर्व पीएम के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके व्यक्तित्व को याद किया। जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि प्रतिभा व राजनीतिक दृढ़ता के लिए विश्व राजनीति के इतिहास में इंदिरा का नाम सदैव याद किया जाएगा। दृढ़ निश्चय के चलते ही उनको लौह महिला कहा गया। इंदिरा ने देश के विकास और सामाजिक समानता के लिए बहुत सारे कार्य किए। वह स्वतंत्र भारत के इतिहास में अपने राजनीति का लोहा मनवाने वाली पहली नेता थीं। कार्यकुशलता और दूरदर्शी सोच के नाते उन्हें भारत रत्न से सम्मानित किया गया। इस दौरान उत्तर प्रदेश किसान कांग्रेस पूर्वी जोन के चेयरमैन सुयश मणि त्रिपाठी, शहर अध्यक्ष राजकुमार जायसवाल, आनंद देव गिरि, मुकुंद भास्कर मणि, जयदीप त्रिपाठी, ऋषिकेश मिश्र, नागेंद्र आदि मौजूद रहे।
सलेमपुर कांग्रेस कार्यालय पर कार्यकर्ताओं ने इंदिरा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण किया। इस मौके पर गोष्ठी का भी आयोजन किया गया। डॉ. धर्मेंद्र पांडेय ने इंदिरा गांधी को विश्व की महान नेता बताया। कहा कि इंदिरा गांधी ने पाकिस्तान को सबक सिखाते हुए उसको दो टुकड़े कर बांग्लादेश का अभ्युदय कराया। बैंकों का राष्ट्रीयकरण कर अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का कार्य किया। विधानसभा के नेता भागीरथी प्रसाद ने कहा कि उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन राष्ट्र के नाम समर्पित कर दिया था। देश की एकता अखंडता पर आंच नहीं आने दी थी। युवा कांग्रेस के पूर्व प्रदेश महासचिव अभिनीत उपाध्याय ने कहा कि उनके दिखाए पथ पर चल कर देश विकास के रास्ते पर अग्रसर हुआ है। कार्यक्रम को रामविलास तिवारी, परमानंद प्रसाद, राजेंद्र तिवारी, मोहित पांडेय, राजेश प्रसाद, शाहिद खां, अष्टभुजा पांडेय आदि ने संबोधित किया।
शिद्दत से याद की गईं इंदिरा गांधी
संवाद न्यूज एजेंसी
बरहज। नगर के लाजपत भवन स्थित कैंप कार्यालय पर पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को कार्यकर्ताओं ने शिद्दत से याद किया। सभी का कहना था कि इंदिरा साहस और इच्छाशक्ति की प्रतिमूर्ति थीं। कार्यकर्ताओं ने पूर्व प्रधानमंत्री के चित्र पर पुष्पार्चन कर नमन किया। ब्लॉक अध्यक्ष मुजफ्फर हुसैन मंसूरी ने कहा कि आज भी इंदिरा की नीतियों पर चलने जरूरत है। भारत का लोहा पूरी दुनिया मानती है। कार्यकर्ताओं ने जयंती पर छोटे-बड़े देशों के तेवर पर मोदी सरकार पर भड़ास निकाला। इस दौरान मनोज राव, भोला तिवारी, डॉ.अमरेश सिंह, वीरेंद्र तिवारी, व्यास दूबे, अरविंद त्रिपाठी, विद्यासागर मिश्र, जितेंद्र जायसवाल, राममूरत गोंड़, नरसिंह प्रसाद आदि मौजूद रहे।