प्रिंटर खराब होने से आ रही दिक्कत, छोटा मोबाइल वालों को निराश होकर लौटना पड़ रहा, बाहर से करानी पड़ रही जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। मेडिकल कॉलेज का प्रिंटर खराब होने से मरीजों को फिल्म नहीं मिल पा रही है। एनड्राइव मोबाइल पर फोटो खींचकर किसी तरह काम चलाया जा रहा है। पर सबसे अधिक परेशानी छोटे मोबाइल वालों को हो रही है। उन्हें बिना पूरा इलाज के लौटना पड़ रहा है। कुछ को बाहर से जांच करानी पड़ रही है। इसके लिए कीमत देनी पड़ रही है। वहीं गर्मी के कारण मशीन भी बंद करनी पड़ रही है। भीड़ को देखते हुए पोर्टेबल मशीन से भी जांच की जा रही है।
मेडिकल कॉलेज में डिजिटल एक्स-रे के लिए मरीजों को परेशानी हो रही है। ओपीडी के हड्डी, चेस्ट सहित अन्य विभागों से मरीजों को एक्स-रे के लिए भेजा जाता है। डिजिटल एक्स-रे सेंटर पर मरीजों की लंबी कतार लगती है। यहां हर रोज ढाई सौ से अधिक जांच होती है। पर दो दिन से प्रिंटर खराब हो गया है। जांच के बाद कंप्यूटर स्क्रीन से फोटो खींचकर मोबाइल में रिपोर्ट दी जा रही है। हिल जाने और कुछ का कैमरा अच्छा न होने से रिपोर्ट भी स्पष्ट नहीं हो पा रही है, जिससे दोबारा कराना पड़ रहा है। वहीं हर रोज छोटा मोबाइल वाले 30 मरीजों को निराश होकर लौटना पड़ रहा है। वे जांच के लिए कई दिन से चक्कर लगा रहे हैं। तो कुछ को मजबूरी में निजी सेंटरों का सहारा लेना पड़ रहा है, जहां उन्हें चार से छह सौ रुपये कीमत देनी पड़ रही है। चेस्ट, कंधा, हाथ, कमर, रीढ़ की हड्डी, गर्दन आदि का एक्स-रे होता है। ग्रामीण इलाके से मुकरधन, शाम देव, रामरेखा, लीलावती, बिंदू, धर्मेंद्र ने बताया कि वह दो दिन से एक्स-रे के लिए आ रहे हैं। छोटा मोबाइल होने के कारण नहीं किया जा रहा है। अब प्राइवेट में कराना पड़ेगा।
एसी खराब, गर्मी से एक्स-रे मशीन ठीक से नहीं कर रही काम
गर्मी के कारण डिजिटल एक्स-रे सेंटर में लगी अत्याधुनिक मशीन गर्म हो जा रही है और काम करना बंद कर दे रही है। यहां तीन एसी लगाए गए हैं। पर एक में आउटर तो अन्य दो में गैस न होने से ठंडा नहीं कर रहे हैं, जिससे एयरटाइट कमरा होने के कारण गर्मी से परेशानी हो रही है। दस से पंद्रह एक्स-रे होने के बाद मशीन गर्म हो जा रही है और उसे बंद करना पड़ रहा है। इससे कार्य प्रभावित हो रहा है वहीं मरीजों को इंतजार करना पड़ रहा है। इससे लेकर कर्मचारियों और मरीजों में नोकझोंक भी हो जा रही है। मंगलवार को भीड़ को देखते हुए पोर्टेबल एक्स-रे मशीन से भी कार्य किया गया। दूसरी तरफ ओपीडी के पोर्टेबल एक्स-रे कक्ष में लगी दो एसी में एक खराब है, जिससे वहां भी दिक्कत हो रही है।
-
- इलाज कराने के लिए आने पर डॉक्टर ने एक्स-रे कराकर रिपोर्ट दिखाने को कहा। कई दिन से आ रहा हूं, लेकिन फिल्म न मिलने के कारण लौटना पड़ रहा है। बड़े मोबाइल पर रिपोर्ट मिल रही है। वह नहीं है, इससे परेशानी हो रही है।
रामअवतार, सलेमपुर
-
- इलाज महंगा पड़ रहा है। छोटा मोबाइल होने से एक्स-रे नहीं हो पा रहा है। दो दिन से हर रोज जांच के लिए आ रही हूं। गर्मी में आने-जाने में दिक्कत हो रही है और किराए में पैसा अधिक लग जा रहा है। अब मजबूरी में बाहर करना पड़ेगा।
सोना खातून, बेलवा
- एक्स-रे के प्रिंटर में पार्ट में गड़बड़ी आई है। मैकेनिक ने खराबी दूर करने का प्रयास किया। पर ठीक नहीं हो सका। पार्ट मंगाने की प्रक्रिया की गई है। जल्द मशीन ठीक हो जाएगा। एसी को ठीक कराने के निर्देश दिए गए हैं। -डॉ.एचके मिश्रा सीएमएस