संवाद न्यूज एजेंसी
भटनी। दिवाली और छठ पूजा पर घर लौटने वाले यात्रियों के लिए राहत की खबर है। नियमित ट्रेनों में लंबी प्रतीक्षा सूची और भीड़ को देखते हुए रेलवे ने 14 जोड़ी पूजा स्पेशल ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है। मुंबई, दिल्ली, गुजरात और कोलकाता समेत विभिन्न महानगरों से घर आने वाले यात्रियों को इससे सहूलियत मिलने की उम्मीद है।
रेलवे के अनुसार, इन ट्रेनों का संचालन एक अक्तूबर से 30 नवंबर तक किया जाएगा। महानगरों में नौकरी और कारोबार करने वाले लोगों को त्योहार पर घर पहुंचने के लिए अतिरिक्त ट्रेनें उपलब्ध होंगी। इससे देवरिया और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को भी लाभ मिलने की उम्मीद है।
दिवाली और छठ के दौरान पूर्वांचल आने वाली नियमित ट्रेनों में सीटों की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में यात्रियों को आरक्षण कराने में परेशानी होती है। पूजा स्पेशल ट्रेनों के संचालन से उन्हें यात्रा के अतिरिक्त विकल्प मिलेंगे।