देवरिया में सिविल लाइन में फुटपाथ पर खड़ी गाड़ियां, सड़क पर पैदल चलते लोग
देवरिया। शहर में दिनों-दिन बढ़ती वाहनों की संख्या और पार्किंग के पुख्ता इंतजाम न होने के कारण यातायात व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। शहर में पार्किंग के अभाव में लोग अपने वाहनों को सड़कों पर ही खड़ा करने को मजबूर हैं। इससे चलना दूभर हो गया है।
शहर में प्रतिदिन एक लाख से अधिक दो और चार पहिया वाहन गुजरते हैं। कई हजार लोग शहर में बाजार में खरीदारी करने, सरकारी विभागों में काम से आते हैं।
इतनी बड़ी संख्या में आने वाले वाहनों के लिए शहर में कोई समुचित पार्किंग की व्यवस्था नहीं है। इसके चलते वाहन सड़कों के किनारे खड़े रहते हैं।
कई बैंक, दुकानों और निजी क्लीनिक और अस्पतालों के पास भी पार्किंग नहीं है। इसके चलते लोग सड़कों पर गाड़ी पार्क कर अपना कामकाज निपटाते हैं।
सुभाष चौक और कोतवाली रोड में यूनियन बैंक की शाखाओं के आसपास पार्किंग नहीं है। इसके अलावा दुकानों पर भी पार्किंग का अभाव है।
कोतवाली रोड, सिविल लाइंस, राघव नगर, हनुमान मंदिर रोड, मोतीलाल रोड समेत कई सड़कों के किनारे अधिकतर प्रतिष्ठानों के पास पार्किंग का अभाव है। इसके चलते लोग सड़क किनारे गाड़ी खड़ी करते हैं। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी संजय कुमार तिवारी ने बताया कि जिलाधिकारी आवास के बगल में नगर पालिका की पार्किंग है। इसमें लोग अपने वाहन खड़ा कर सकते हैं। एक अन्य पार्किंग पुराना बस स्टैंड परिसर में तैयार हो रही है।