पुराने बस स्टैंड परिसर में निर्माणाधीन पार्किंग स्थल
- फोटो : सांकेतिक
देवरिया। शहर में पार्किंग की समस्या से परिवहन निगम निजात दिलाएगा। इसके निगम पुराना बस स्टैंड परिसर में मल्टी लेवल पार्किंग और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का निर्माण किया जा रहा है।
बेसमेंट और प्रथम तल की छत लग चुकी है। रैंप का निर्माण तेजी से हो रहा है। एक साल के भीतर इसके शुरू हो जाने की उम्मीद है। इसके बाद शहर में पार्किंग की समस्या से निजात मिल जाएगी।
मल्टी लेवल पार्किंग और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के बेसमेंट पर पार्किंग और प्रथम तल पर दुकानें और एआरएम कार्यालय बनाया जा रहा है। इसके निर्माण में करीब 17 करोड़ रुपये खर्च होने हैं। इसका 90 प्रतिशत हिस्सा बनकर तैयार हो चुका है। बेसमेंट और प्रथम तल का निर्माण पूरा हो चुका है।
दीवारें खड़ी कर दी गई हैं। इसकी साफ सफाई का काम शुरू होने वाला है। इसके अलावा भूतल भवन के बाहरी एरिया में रैंप बनाया जा रहा है। इसका निर्माण शुरू हो चुका है। इसे भी दो महीने में पूरा कर लिए जाने की उम्मीद है। इस भवन में 50 चार पहिया वाहनों के पार्किंग की सुविधा होगी। इसके अलावा भवन के बाहर रैंप के किनारे बाइक खड़ा करने की सुविधा दी जाएगी। इस भवन के साल 2026 के अंत तक पूरा होने की उम्मीद है। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक कपिलदेव प्रसाद ने बताया कि पुराने बस स्टैंड पर मल्टी लेवल पार्किंग बनाने का काम तेजी से चल रहा है। इसकी निगरानी गोरखपुर कार्यालय से हो रही है।
1956 में बना था पुराना बस स्टैंड परिसर : देवरिया के जिला बनने के बाद परिवहन निगम ने कोआपरेटिव बैंक के सामने 1956 में बस स्टैंड की स्थापना की। इसके बाद शहर का आकार बढ़ने पर कलक्ट्रेट के बगल में नए बस स्टैंड की स्थापना की गई। इसके बाद पुराना बस स्टैंड परिसर वीरान पड़ा हुआ था। इसका उपयोग परिवहन निगम की पुरानी फाइलों और सामानों को रखने में किया जा रहा था। इसकी जमीन भी लो लैंड हो गई थी।
इसके चलते इसको पार्किंग में बदलने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया था। इसमें पार्किंग, शापिंग कॉम्प्लेक्स और सहायक क्षेत्राधिकारी कार्यालय बनाया जा रहा है। भूतल पर पार्किंग, प्रथम तल पर सहायक प्रबंधक कार्यालय के साथ 27 दुकानों के ढांचे का निर्माण पूरा हो चुका है। इसमें भूतल के अलावा इस पूरे ढांचे के बाहर रैंप का निर्माण किया जा रहा है।