पैकौली। सदर विकासखंड के पैकौली टोला बगही गांव में पिछले 12 दिनों से बिजली आपूर्ति नहीं हो रही है।
ट्रांसफॉर्मर जलने के बाद बिजली निगम ने दो बार रिपेयर ट्रांसफाॅर्मर लगाकर आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया लेकिन लोड अधिक होने या तकनीकी खामी के कारण एक-दो दिन के भीतर ही ट्रांसफार्मर दोबारा फुंक गया। बार-बार ट्रांसफार्मर जलने से बिजली संकट गहरा गया है, जिससे ग्रामीण अंधेरे में रहने को मजबूर हैं।
ग्रामीणों के अनुसार, ट्रांसफार्मर खराब होने की सूचना लगातार बिजली निगम के अधिकारियों को दी जा रही है।
निगम ने ट्रांसफार्मर बदला भी लेकिन कुछ ही घंटों या एक-दो दिन बाद वह फिर से जल गया। लंबे समय से बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण बच्चों की पढ़ाई बुरी तरह प्रभावित हो रही है। उमस भरी गर्मी में पंखे और कूलर बंद पड़े हैं, जिससे लोगों का रात में सोना भी मुहाल हो गया है। इसके अलावा पेयजल की व्यवस्था, मोबाइल चार्ज करने और रोजमर्रा के अन्य जरूरी कामकाज भी ठप पड़े हैं, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है।