-निजी बस चालक शहर से दूर हटे, लेकिन नया तरीका हो गया ईजाद
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। शहर में जाम की समस्या से निजात नहीं मिल रही है। निजी बसों को बस स्टेशन से दो किलोमीटर दूर भेज दिया गया। पर निजी बस संचालकों ने पैंतरा बदल दिया है। ऑटो और ई-रिक्शा चालकों के जरिये सवारियों का सौदा किया जा रहा है। आधी-अधूरी तैयारी के चलते लोगों की दुश्वारियां कम नहीं हो रही हैं। कुछ नियम और कायदे कानून तो कुछ ही दिन चल पाए। बाद में चलकर धीरे-धीरे धड़ाम हो गए और समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं।
शहर के बस स्टेशन के पास दो माह पहले निजी बसें लगती थीं। अब इन बसों को सलेमपुर जाने वालों के लिए रुद्रपुर मोड़ और गोरखपुर की ओर जाने वालों को ओवरब्रिज के पास से मिल रही हैं। वहीं ई-रिक्शा चालकों को यह निर्देश दिए गए थे कि वह किसी भी हाल में सिविल लाइन पर नहीं चलेंगे। पर जमीनी हकीकत कुछ ही समय में बदल चुकी है। रविवार को इसकी पड़ताल की गई तो सच्चाई सामने आई। रुद्रपुर मोड़ पर बरहज और सलेमपुर के लिए लगने वाली निजी बसों तक पहुंचाने के लिए खेल हो रहा है। ई-रिक्शा और टेंपो चालक निजी बसों संचालकों से साठगांठ कर लिए हैं। बस स्टेशन पर जमे रहते हैं और पलक झपकते ही सवारियां झटक ले रहे हैं। करीब 12 बजे तीन ई रिक्शा चालक करीब 11 सवारी लेकर रुद्रपुर मोड़ पर पहुंचे और प्राइवेट बस में बैठा दिए। इसके आधा घंटा बाद करीब 12:30 बजे एक टेंपो पर चार लोगों को चालक ने यह लालच देकर बैठा लिया कि रोडवेज से देरी होगी और किराया भी सस्ता है, इसके झांसे में आने वाली सवारी को रुद्रपुर मोड़ पहुंचा दिया गया।
बस स्टेशन के उत्तरी गेट पर करीब एक बजे रोडवेज की बस नहीं थी तो इसका फायदा उठाकर कर हरे रंग के टेंपो चालक सवारियों को बैठाया और उनको लेकर गोरखपुर रोड स्थित ओवरब्रिज के पास पहुंच गए। एक निजी बस संचालक ने अपने पास से पूरा किराया करीब पचास रुपये टेंपो चालक को सौंप दिया। बस स्टेशन पर ई-रिक्शा चालकों की नजर अब सलेमपुर, बरहज, गोरखपुर जाने वाली सवारियों पर गड़ी रह रही है। इससे साफ जाहिर हो रहा है कि निजी बस संचालकों ने सवारियां झटकने का नया तरीका ईजाद कर लिया है।
-
बस को घुमाकर लाने के बहाने दे रहे झटका
देवरिया। रुद्रपुर मोड़ पर निजी बसें खड़ी हो रही हैं। यहीं से नो एंट्री भी चालू हो जाती है। कुछ निजी बस चालक बसों को मोड़ कर लाने की बात कह कर भटवलिया चौराहे तक आ जाते हैं। यहां डिवाइडर कट से बसों को मोड़ा जा रहा है और बसों को कुछ समय तक रोक कर सवारियां भी भरी जा रही हैं, जबकि गोरखपुर ओवरब्रिज के पास खड़ी बसें डीजल भराने के बहाने शहर के पेट्रोल पंप पर आती-जाती हैं और सवारियों का खेल किया जा रहा है।
-
यह बने थे नियम
- ई-रिक्शा सिविल लाइन पर नहीं चलेगा।
- टेंपो बस स्टेशन के पास नहीं खड़े होंगे।
- टेंपो के लिए स्टैंड बनाया जाएगा।
-
किसी भी वाहन को बस स्टेशन से सवारी भरने की इजाजत नहीं होती है। शहर से दूर निजी बसों को किया गया है। बस स्टेशन पर ई-रिक्शा और टेंपो में सवारी भरने वालों का चालान किया जाता है।
-श्रीयश त्रिपाठी, सीओ सिटी