रुद्रपुर। देश की 16वीं जनगणना कराने को लेकर बृहस्पतिवार को सुपरवाइजरों और प्रगणकों को डिजिटल मैपिंग, मकान सूचीकरण और डेटा संकलन का प्रशिक्षण दिया गया। नगर के सतासी इंटर कॉलेज और मदनपुर में आयोजित प्रशिक्षण में इस बार जनगणना पूर्णतः डिजिटल माध्यम से मकान की सटीक लोकेशन, नंबरिंग और विवरण दर्ज के बारे में बताया गया।
प्रशिक्षण के दौरान सुपरवाइजरों और प्रगणकों को जनगणना से संबंधित बुकलेट और पहचान पत्र वितरण के बाद एसडीएम अवधेश निगम ने जनगणना से जुड़ी प्रक्रियाओं और नई डिजिटल प्रणाली के बारे में जानकारी दी ।
उन्होंने कहा कि भारत में यह 16वीं जनगणना होगी। इस बार जनगणना पूरी तरह डिजिटल माध्यम से कराई जाएगी। जिससे आंकड़ों के संकलन और विश्लेषण में पारदर्शिता और तेजी आएगी। प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि जनगणना कार्य को चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा। पहले चरण में 7 मई से 21 मई तक मकान सूचीकरण का कार्य किया जाएगा। दूसरे चरण में 22 मई से 20 जून तक मकानों का विस्तृत सूचीकरण किया जाएगा। जनगणना देश की महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। जिसमें प्रत्येक व्यक्ति की सही जानकारी दर्ज होना आवश्यक है। कार्यक्रम में प्रतिभागियों को डिजिटल उपकरणों के उपयोग, डेटा एंट्री और फील्ड वर्क से संबंधित जरूरी दिशा-निर्देश भी दिए गए। पांच बैच के प्रशिक्षण में 49-49 शिक्षक शामिल हुए। इस अवसर पर तहसीलदार चंद्रशेखर वर्मा,नायब तहसीलदार अनिल तिवारी, ईओ नितेश गौरव, बीईओ राज किशोर सिंह, अखिलेश यादव, विपुल कुमार, अरविंद कुमार, आलोक प्रताप, अरुण कुमार, अंजनी सिंह, देवेन्द्र प्रताप यादव आदि मौजूद रहे।