गोरखपुर-छपरा रेलखंड पर ठप रहा संचालन, भाटपारानी और बनकटा रेलवे स्टेशन के बीच हो रहा निर्माण
संवाद न्यूज एजेंसी
भाटपाररानी। गोरखपुर-छपरा रेलखंड पर शनिवार को भाटपाररानी और बनकटा रेलवे स्टेशन के बीच 109 नंबर समपार पर अंडरपास निर्माण के लिए सुबह 10:30 से शाम 4:30 बजे तक ट्रेनों का आवागमन ठप रहा। इस दौरान गोरखपुर से छपरा डाउन और छपरा से गोरखपुर अप पैसेंजर ट्रेन को निरस्त कर दिया गया था। कई एक्सप्रेस ट्रेनों को घंटों गोरखपुर सहित अन्य स्टेशनों पर रोक दिया गया था तथा कई के मार्ग परिवर्तन कर दिए गए थे। जिससे रेल यात्री गंतव्य तक जाने के लिए पूरे दिन परेशान रहे।
गोरखपुर से छपरा और छपरा से गोरखपुर के बीच चलने वाली पैसेंजर ट्रेन को निरस्त कर दिया गया है। गोरखपुर से हटिया जाने वाली ट्रेन को गोरखपुर में छह घंटे के लिए, काठगोदाम से हावड़ा जाने वाली एक्सप्रेस ट्रेन को दो घंटे गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर रोक दिया गया। शहीद एक्सप्रेस, वैशाली एक्सप्रेस का रूट डायवर्ट कर दिया गया।
इसी तरह से अप हटिया से गोरखपुर और हावड़ा से काठगोदाम जाने वाली ट्रेनों को विभिन्न स्टेशनों पर कुछ घंटे के लिए रोक दिया गया है। अप सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन बिहार संपर्क क्रांति का रूट डायवर्ट कर दिया गया है। दिल्ली से आने वाली लिच्छवी एक्सप्रेस को बनारस से गाजीपुर, छपरा कर दिया गया है। इसे लेकर भाटपाररानी, मैरवा, भटनी रेलवे स्टेशन पर पूरे दिन यात्री ट्रेनों के आने की प्रतीक्षा करते रहे। भाटपाररानी रेलवे स्टेशन मास्टर महेंद्र भूषण ने बताया कि अंडरपास निर्माण के कारण कुछ ट्रेनों को गोरखपुर सहित अन्य स्टेशनों पर रोक दिया गया था। वहीं सुपरफास्ट ट्रेनों का रूट डायवर्ट कर दिया गया। इस रूट से शाम को ट्रेनों का संचलन शुरू हुआ।