घांटी बाजार। भटनी-भिंगारी मार्ग पर एकलाआम चौराहे के पास मंगलवार को गेहूं के बीज से लदा ट्रेलर अनियंत्रित होकर पलट गया। चालक ने गाड़ी पलटते देख कूदकर अपनी जान बचा ली।
जानकारी के अनुसार, ट्रेलर में राष्ट्रीय बीज निगम (नेशनल सीड्स कॉरपोरेशन) से प्रमाणित गेहूं के 2100 बोरी बीज लदे थे। इन्हें आगरा से देवरिया के भटनी विकास खंड स्थित एकलाआम गोदाम पर पहुंचाया जा रहा था। यहां से विकास खंड क्षेत्र के कई गांवों के किसानों को बोआई के लिए मुफ्त बीज वितरित किया जाना था।
चालक अभिषेक चौधरी ने बताया कि वह आगरा से बीज लेकर एकलाआम स्थित गोदाम पर पहुंचा था। चौराहे के पास गाड़ी घुमाने के दौरान पुलिया धंस गई। इससे ट्रेलर का कील टूट गया और गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई।
हादसे के बाद गेहूं के बीज की बोरियां सड़क पर बिखर गईं। गेहूं की बोआई के मौसम में किसानों के बीच मुफ्त वितरण के लिए जा रहे बीज की गाड़ी पलटने से वितरण व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। क्षेत्राधिकारी भाटपाररानी मनोज कुमार ने बताया कि हादसे में किसी के चोटिल होने की सूचना नहीं है। चालक सुरक्षित है। किसी ने प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए तहरीर नहीं दी है।