देवरिया। पुलिस अधीक्षक विक्रांत वीर के निर्देशन में सोमवार को यातायात पुलिस ने सड़क हादसों की रोकथाम के लिए व्यापक चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की गई।
यातायात प्रभारी गुलाब सिंह के नेतृत्व में कसया ओवरब्रिज, मालवीय रोड, बस स्टैंड सहित शहर के कई प्रमुख स्थानों पर वाहनों की जांच की गई। बिना हेलमेट, तीन सवारी, नो पार्किंग और सड़क पर गाड़ी खड़ी कर सवारी भरने वाले ऑटो व ई-रिक्शा चालकों के खिलाफ कार्रवाई हुई। अभियान के दौरान 129 वाहनों का ई-चालान किया गया, जबकि 8 वाहनों को सीज किया गया।
न्यू कॉलोनी और साकेत नगर क्षेत्र में नो पार्किंग में खड़े वाहनों को भी चालान किया गया। पुलिस टीम ने वाहन चालकों को जागरूक करते हुए स्पष्ट किया कि यातायात नियमों का पालन न करने वालों पर आगे भी सख्त कदम उठाए जाएंगे। इसी क्रम में नो हेलमेट-नो फ्यूल अभियान के तहत शहर के पेट्रोल पंपों पर जागरूकता कार्यक्रम चलाया गया। पंप संचालकों को निर्देशित किया गया कि वे बिना हेलमेट आने वाले वाहन चालकों को पेट्रोल न दें। यातायात प्रभारी का मानना है कि इस प्रकार की कार्रवाई से न केवल यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित होगा, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम में भी मदद मिलेगी। साथ ही आम जनता को यह संदेश जाएगा कि नियम तोड़ने पर किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।