रुद्रपुर। कपरवार सेतु में होल होने के बाद भारी वाहनों का आवागमन रुद्रपुर कस्बे की घनी आबादी के बीच से होने लगा है। इससे प्रमुख चौराहों पर जाम की समस्या बढ़ गई है।
वहीं, भारी वाहनों के दबाव से नगर में दो स्थानों पर पुलिया भी क्षतिग्रस्त होने लगी हैं। इससे रास्ता बंद होने का खतरा बढ़ गया है। जाम के कारण दुकानदारों को कारोबार प्रभावित होने की चिंता सताने लगी है।
मंगलवार शाम से ही सैकड़ों लोडेड ट्रक नगर के बस स्टेशन, खजुहा चौराहा और आदर्श चौराहा होते हुए सेमरौना की ओर गुजरने लगे। सड़क की पटरियों पर पहले से अतिक्रमण होने के कारण रास्ते संकरे हैं। ऐसे में भारी वाहनों के प्रवेश से जाम की स्थिति और गंभीर हो गई है।
बुधवार सुबह खजुहा चौराहे से बस स्टेशन तक ट्रकों की लंबी कतार लग गई। इससे स्कूल और दफ्तर जाने वाले लोगों को परेशानी उठानी पड़ी। पैदल चलना भी मुश्किल हो गया।
करीब दो महीने पहले भी कपरवार पुल पर आवागमन बंद होने के कारण भारी वाहन रुद्रपुर से होकर गुजरे थे। अब दोबारा ट्रकों की संख्या बढ़ने से नगर की सड़कों पर दबाव बढ़ गया है। खजुहा चौराहे से दुग्धेश्वरनाथ मंदिर मार्ग पर मिशन स्कूल के पास पुलिया धंसने लगी है। इससे दोनों ओर की नालियां जाम होकर उफनने लगी हैं।