संवाद न्यूज एजेंसी
भाटपाररानी। व्यापारियों ने पूर्व थानाध्यक्ष दिलीप पांडेय के निलंबन व व्यवसायियों पर दर्ज मुकदमे को वापस लिए जाने की मांग को लेकर सोमवार को नगर अध्यक्ष विजय कुमार मद्देशिया के नेतृत्व में मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा। मांगे पूरी न होने की दशा में व्यापारियों ने आंदोलन की चेतावनी दी।
व्यापारियों ने कहा है कि धनतेरस के दिन तत्कालीन थानाध्यक्ष ने नगर के आर्य चौक पर व्यापारी दीपू जायसवाल के पटाखे की दुकान पर दुर्व्यवहार करते हुए सभी सामान उठा ले गए। बीच-बचाव करने पहुंचे पांच नामजद व 25 अज्ञात व्यापारियों पर मुकदमा दर्ज कर दिया। व्यापारियों ने आरोप लगाया है कि पुलिस ने धनउगाही की रकम न मिलने पर व्यापारियों पर फर्जी मुकदमा लगा दिया। थानाध्यक्ष के स्थानांतरण की कार्रवाई से व्यापारी संतुष्ट नहीं हैं। इस दौरान पवन कुमार गुप्ता, आबिद हुसैन, संजय जायसवाल, जितेंद्र जायसवाल, संतोष पांडेय, मंटू पटेल, दीपू जयसवाल, मुन्ना कुमार गुप्ता आदि मौजूद रहे।