बैतालपुर डीपो में तेल चोरी करते हुए दो लोग पकडे गए।
- फोटो : DEORIA
रेल वैगन से तेल चोरी करते दो गिरफ्तार
आरपीएफ देवरिया पोस्ट और सीआईबी भटनी की टीम ने की कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया/बैतालपुर। तेल से भरे वैगनों से तेल चोरी करने वाले गिरोह के दो सदस्यों को आरपीएफ और सीआईबी ने संयुक्त रूप से गिरफ्तार कर लिया। उनके दो साथी मौके से भागने में सफल हो गए। आरपीएफ टीम ने उनके पास से तेल निकालने के उपकरण बरामद किए। केस दर्ज कर दोनों को भेज दिया गया। मामला बैतालपुर रेलवे स्टेशन का है।
बैतालपुर में स्थित भारत ऑयल डिपो, हिंदुस्तान पेट्रोलियम और इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन के भंडारण गृह में तेल की आपूर्ति रेलवे वैगनों के माध्यम से होती है। तेल लदे वैगनों को पहले बैतालपुर रेलवे स्टेशन पर खड़ा करना पड़ता है। इसका फायदा स्थानीय तेल के धंधेबाज उठाते हैं। बुधवार की रात मुखबिर की सूचना पर आरपीएफ देवरिया पोस्ट के एसआई अबू फरहान गफ्फार और सीआईबी भटनी के प्रभारी संजय राय दल बल के साथ बैतालपुर स्टेशन पहुंच गए। वहां पर प्लेटफार्म नंबर पांच पर खड़ी पेट्रोल की वैगन से टार्च की रोशनी में तेल निकाला जा रहा था। टीम को दूर से ही चार लोग नजर आए। जब आरपीएफ के जवान आगे बढ़े तो तेल तस्करों पुलिस की आहट मिल गई और वे भागने लगे। आरपीएफ जवानों ने दौड़ाकर दो तस्करों को पकड़ लिया, जबकि दो भागने में सफल रहे। पकड़े गए लोगों की पहचान गौतम पांडेय, निवासी गोविंदपुर, सदर कोतवाली और अजय गुप्ता निवासी बरारी बाजार, थाना गौरीबाजार बताया। उनके पास से 275 लीटर पेट्रोल, सवा इंच का 80 फीट प्लास्टिक पाइप, चार बड़े गैलन, वैगन के ढक्कन खोलने में प्रयुक्त एक स्क्रू ड्राइवर, दो बाल्टी, दो कुप्पी और तीन मोबाइल बरामद किया गया। आरपीएफ एसआई अबू फरहान गफ्फार ने बताया कि केस दर्ज कर दोनों को जेल भेज दिया गया है। वहीं फरार हुए दोनों आरोपियों की तलाश कराई जा रही है।