14 प्रत्याशियों के भाग्य का कल फैसला करेंगे 3,36,565 मतदाता
देवरिया। देवरिया सदर विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव के लिए तीन नवंबर को मतदान होगा। 14 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला 3,36,565 मतदाता करेंगे। रविवार शाम चुनाव प्रचार बंद हो गया। प्रत्याशी व उनके समर्थक डोर टू डोर जनसंपर्क कर अपने समर्थन में मतदान करने की अपील कर रहे हैं। शांतिपूर्ण माहौल में निष्पक्ष मतदान के लिए प्रशासन ने तैयारी पूरी कर ली है।
विधानसभा क्षेत्र को आठ जोन व 48 सेक्टर में बांटा गया और जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई। इसके अलावा 33 माइक्रो आब्जर्वर एवं 15 स्टैटिक मजिस्ट्रेट भी लगाए गए हैं। विधानसभा क्षेत्र में 184 मतदान केंद्र तथा 487 बूथ बनाए गए हैं। यहां 1,82,251 पुरुष तथा 1,54,302 महिला एवं 12 अन्य मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक होगा। मतदेय स्थल पर बिजली, पानी, शौचालय, रैम्प की व्यवस्था की गई है। दिव्यांगजनों की सुविधा के लिए व्हील चेयर उपलब्ध कराया जाएगा।
आज रवाना होंगी पोलिंग पार्टियां
देवरिया सदर विधानसभा क्षेत्र उपचुनाव में मंगलवार को वोट डाले जाएंगे। मतदान कराने के के लिए सोमवार को राजकीय इंटर कॉलेज परिसर से 536 पोलिंग पार्टियां रवाना होंगी। प्रत्येक पोलिंग पार्टी में पीठासीन अधिकारी व तीन मतदान अधिकारी सहित चार कर्मी शामिल किए गए हैं। मतदान कर्मियों को राजकीय इंटर कॉलेज परिसर में निर्वाचन से संबंधित सामग्री प्राप्त होगी, इसके बाद वाहनों से मतदान स्थलों को कूच करेंगे।
मतदान कार्य में लगे 2144 कार्मिक
देवरिया सदर विधानसभा क्षेत्र उपचुनाव के लिए मतदान कार्य में रिजर्व सहित कुल 2144 मतदान कार्मिक लगाए गए हैं। मतदान स्थल 487 के सापेक्ष 682 ईवीएम तथा 731 वीवीपैट की व्यवस्था की गई है।
49 बूथों से होगी वेब कास्टिंग
देवरिया सदर विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव में मतदान की 49 बूथों से वेब कास्टिंग की जाएगी। इस पर निर्वाचन आयोग की नजर रहेगी। इसके अलावा 61 बूथों पर मतदान के दिन वीडियोग्राफी कराई जाएगी।
बूथों पर होगी मतदाताओं की थर्मल स्क्रीनिंग
उपचुनाव में मतदान केंद्रों पर थर्मल स्क्रीनिंग की जाएगी। इसके लिए आशा कार्यकर्ताओं की तैनाती की गई। कोविड-19 के नियमों का पालन कराया जाएगा। सोमवार को मतदान केंद्रों को सैनिटाइज किया जाएगा। मतदान केंद्रों पर बने घेेरे में मतदाताओं को खड़े होकर बारी की प्रतीक्षा करनी होगी। मतदान केंद्र पर हाथ धोने की व्यवस्था की गई है। मतदाता को मॉस्क पहनना अनिवार्य होगा। उधर, मतदान कार्मिकों को भी ग्लब्स, सैनिटाइजर व अन्य सामग्री के अलावा पीपी किट उपलब्ध कराया जाएगा।
शराब की दुकानें रहेंगी बंद
देवरिया सदर विधानसभा क्षेत्र उपचुनाव तथा बिहार प्रांत के सिवान व गोपालगंज में मतदान को लेकर प्रशासन के आदेश पर जनपद में शराब की दुकानें रविवार शाम पांच बजे से बंद हो गईं। दुकानें मतदान समाप्त होने के बाद खुलेंगी।
मतदान केंद्रों पर रहेगी कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
देवरिया सदर विधानसभा क्षेत्र उपचुनाव को सकुशल व शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए प्रशासन मुस्तैद है। तीन नवंबर को मतदान के दिन सुरक्षा कड़े इंतजाम किए गए हैं। मतदान को लेकर चार हजार सुरक्षाकर्मी तैनात किए जाएंगे। इसमें गोरखपुर, कुशीनगर, महराजगंज, सिद्धार्थनगर, संतकबीर नगर, बस्ती, बलरामपुर, श्रावस्ती समेत नौ जनपदों के पुलिस कर्मी व बाहर सौ होमगार्ड के जवान तैनात किए जाएंगे। इसके अलावा पैरामिलिट्री फोर्स, पीएसी व एनडीआरएफ के जवान भी तैनात रहेंगे।