संवाद न्यूज एजेंसी
सलेमपुर। सड़क पर जाम के चलते रविवार को बीमार बहन को गोद में लेकर भाई के सीएचसी पहुंचने के बाद प्रशासन के तेवर सख्त हो गए हैं। सोमवार की सुबह सीओ मनोज कुमार पुलिस और नगर पंचायत के कर्मचारियों के साथ गांधी चौक पहुंचे। उन्होंने रेलवे स्टेशन रोड पर लगने वाली फुटकर सब्जी की दुकानों पर प्रतिबंध लगा दिया।
थोक सब्जी विक्रेताओं को चेतावनी दी कि बड़े वाहनों को सुबह ही खाली कर लिया जाए, ताकि जाम की समस्या से लोगों का निजात मिल सके। सलेमपुर में मंडी नहीं होने के चलते अधिकतर दुकानदार गांधी चौक-रेलवे स्टेशन मार्ग पर वाहन खड़ा कराकर सामान उतरवाते हैं।
इसके अलावा फुटकर सब्जी विक्रेता सुबह से ही सड़क की दोनों पटरियों पर दुकान सजा लेते हैं, जो जाम का कारण बन जाते हैं। सड़क पर जाम लगने से जहां मरीजों को दिक्कत होती है, वहींं यात्रियों की ट्रेन भी छूट जाती थी।
रविवार की सुबह कोतवाली क्षेत्र के मधवापुर गांव निवासी पिंकी कुमारी (20) पुत्री स्वामीनाथ चक्कर आने से घर पर गिर पड़ी थी। उसकी हालत गंभीर देख भाई विपिन पिता के साथ उसे बाइक से सीएचसी ले जा रहे थे। गांधी चौक से आगे बढ़े तो सब्जी विक्रेताओं और वाहन चालकों की मनमानी के चलते सड़क पूरी तरह से जाम थी।
विपिन लोगों से रास्ता छोड़ने का अनुरोध करते रहे, मगर लोगों का दिल नहीं पसीजा। इसके बाद विपिन बहन को गोद में लेकर सीएचसी की तरफ दौड़ने लगे। जाम से निकलकर एक ऑटो की मदद से बहन को सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार किया।
इस खबर को अमर उजाला ने प्रमुखता से प्रकाशित किया तो प्रशासन के कान खड़े हो गए। सोमवर को सीओ मनोज कुमार, कोतवाल महेंद्र कुमार चतुर्वेदी और नगर पंचायत के लिपिक अंजनी सिंह, सुधीर यादव के साथ गांधी चौक पर पहुंच गए। सबसे पहले प्रशासन ने सड़क किनारे सब्जी की फुटकर दुकान लगाने वालों पर शिकंजा कसते हुए मंडी के अंदर दुकान लगाने के लिए भेज दिया।
उसके बाद मेन रोड के थोक सब्जी विक्रेताओं को चेतावनी देते हुए कहा कि किसी भी हाल में सड़क पर वाहन खड़ाकर सामान नहीं उतारा जाएगा। सुबह आठ बजे से पहले सभी बड़े वाहन शहर से बाहर करने की बात कही। वहीं बीमार पिंकी के भाई विपिन ने बताया कि सड़क जाम के चलते रविवार की सुबह उसे परेशानी हुई थी। इलाज के बाद बहन ठीक है और घर आ गई है। इस तरह से रास्ता जाम करना नाइंसाफी है।