सलेमपुर। शराब तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत सलेमपुर पुलिस ने सोमवार को 43.2 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब के साथ तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। तस्करी में प्रयुक्त एक ऑटो भी बरामद कर सीज कर दिया गया है।
मझौलीराज पुलिस चौकी पर संदिग्ध वाहनों व व्यक्तियों की चेकिंग के दौरान सोमवार की सुबह एक ऑटो को रोका गया। जांच में ऑटो से बिहार ले जाई जा रही 5 पेटियों में कुल 240 टेट्रा पैक अंग्रेजी शराब बरामद हुई। प्रत्येक टेट्रा पैक 180 एमएल का था, जिसकी कुल मात्रा 43.200 लीटर पाई गई। मौके से धर्मवीर सिंह निवासी धरमखोर करन थाना खामपार जनपद देवरिया, ललिता देवी निवासी तेरसिया दीयर थाना गंगाबृज जिला वैशाली (बिहार) तथा पूनम देवी निवासी राजेन्द्र नगर पूर्वी लोहानी पुल थाना कदमकुआं जिला पटना (बिहार) को गिरफ्तार किया गया। इस संबंध में थाना सलेमपुर पर तीनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। साथ ही ऑटो को सीज किया गया है।