सलेमपुर। देवरिया-सलेमपुर मुख्य मार्ग पर मंगलवार को सड़क हादसों में दो अधिवक्ताओं सहित तीन लोग घायल हो गए। आसपास के लोगों ने घायलों को सीएचसी पहुंचाया। एक युवक को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, कोतवाली क्षेत्र के मधवापुर गांव निवासी गोलू विश्वकर्मा किसी काम से सलेमपुर आए थे। वह बापू इंटर कॉलेज के सामने स्थित एक पुस्तक भंडार के पास पहुंचे ही थे कि सामने से आ रहे अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
वहीं, कुछ देर बाद मझौली राज निवासी अधिवक्ता वालीउल्लाह अहमद (40) अपने जूनियर अधिवक्ता शान अहमद के साथ बाइक से देवरिया कचहरी जा रहे थे।
बापू इंटर कॉलेज के पास ही एक बाइक ने टक्कर मार दी, जिससे दोनों अधिवक्ता घायल हो गए। दोनों के हाथ-पैर में चोट आई है। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी। संवाद