संवाद न्यूज एजेंसी
खुखुंदू। क्षेत्र के डुमरिया लाला मोड़ के पास सोमवार की दोपहर दो बुलेट मोटरसाइकिल की आमने-सामने टक्कर में दंपती समेत तीन गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर जुटे लोगों ने सभी घायलों को मेडिकल कॉलेज देवरिया भेजवाया। दंपती की हालत गंभीर देख डाॅक्टर ने मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया।
पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है। महराजगंज जिला के रहने वाले बुलेट सवार को हल्की-फुल्की चोटें आई हैं।
जानकारी के अनुसार, खुखुंदू क्षेत्र के करौंदी गांव के प्रधान रमाशंकर यादव के बड़े बेटे जयप्रकाश उर्फ जेलर यादव (34) सोमवार को पत्नी प्रियंका यादव के साथ बुलेट मोटरसाइकिल से देवरिया गए थे। लौटते वक्त खुखुंदू क्षेत्र के डुमरिया लाला मोड़ के पास सामने से आ रहे दूसरे बुलेट मोटरसाइकिल सवर से टक्कर हो गई। दोनों बुलेट पर सवार तीनों सड़क पर जा गिरे।
बताया जा रहा है कि जयप्रकाश उर्फ जेलर हेलमेट नहीं पहने थे। इससे उसके सिर में गंभीर चोटें आई हैं। पत्नी प्रियंका को भी गंभीर चोटें आई हैं। दोनों की हालत नाजुक बताई जा रही है। दोनों का मेडिकल कॉलेज गोरखपुर में इलाज चल रहा है। दूसरे बुलेंट पर सवार महराजगंज जिला के थाना बिठौरा बाजार गांव सिंदुरिया निवासी गंगेश्वर यादव (32) है।
वह गांव से सलेमपुर रिश्तेदारी में जा रहा था और हेलमेट पहने था। लिहाजा उसे कम चोटें आई हैं। इंस्पेक्टर कल्याण सिंह सागर ने बताया कि दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया गया है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।