24 घंटे में लूट का पर्दाफाश, तीन लुटेरे गिरफ्तार
डेहरी गांव के पास से एक कंपनी के एजेंट से लूटी गई थी बाइक
एसपी ने मईल पुलिस को दिए 2500 रुपये पुरस्कार
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। मईल थानाक्षेत्र के डेहरी गांव के पास रविवार की दोपहर एक कंपनी के एजेंट की बाइक और मोबाइल लूट का पुलिस ने 24 घंटे के अंदर पर्दाफाश कर दिया। तीन लुटेरों को गिरफ्तार कर उनके पास से लूट की बाइक और मोबाइल बरामद किया है।
पुलिस लाइंस के मनोरंजन कक्ष में एसपी डॉ. श्रीपति मिश्र ने बताया कि कुशीनगर जिले के कसया क्षेत्र के सिधुआ बांगर गांव निवासी अभिषेक सिंह एक निजी कंपनी में एजेंट हैं। कंपनी के काम से रविवार को मईल इलाके में आए थे। दोपहर में डेहरी गांव के पास तीन युवकों ने बाइक और मोबाइल लूट लिया। सूचना के बाद सक्रिय हुई पुलिस ने खोजबीन की, लेकिन सफलता नहीं मिली। केस दर्ज कर पुलिस लुटेरों की तलाश कर रही थी। सोमवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बरठा लाला चौराहे के पास से बाइक सवार तीन युवकों को पकड़ा। पुलिस की पूछताछ में तीनों ने अपना नाम क्रमश शैलेश सिंह उर्फ पिंकू, आकाश सिंह उर्फ मल्ल निवासीगण डेहरी और अजय प्रसाद निवासी सतरांव, बरहज बताया। पुलिसवालों ने तीनों को पकड़ लिया। पुलिस ने उनके पास से लूटी गई बाइक और मोबाइल बरामद कर लिया। पुलिस टीम में मईल थाने के इंस्पेक्टर रवींद्र कुमार रवि, एसआई आनंद शंकर सिंह, हेड कांस्टेबल विजय बहादुर सिंह, कांस्टेबल दीपक कुमार सोनकर, चंद्रभान भारती, बादशाह खान और राजकुमार यादव शामिल रहे। एसपी डॉ. श्रीपति मिश्र ने बताया कि कम समय में लूट की घटना का पर्दाफाश करने वाली टीम को 2500 रुपये पुरस्कार दिए गए हैं।
विवाद के बाद लूटी थी बाइक
एजेंट से बाइक और मोबाइल लूटने वाले शैलेश सिंह, आकाश सिंह और अजय प्रसाद ने बताया कि एजेंट ने रास्ता पूछा था। एक रास्ते पर पानी भरा था। दूसरा रास्ता बताए तो थोड़ा दूर था। वापस आने पर उसने विवाद कर लिया। इसके बाद बाइक और मोबाइल लूटकर भाग गए। आकाश ने बताया कि विदेश रहते थे। पांच महीने पूर्व आए हैं। इस लूटकांड से मेरा कोई लेना-देना नहीं है। अजय दोनों का साथी है।