तीन सीओ के पास नहीं हैं आवास
देवरिया। कानून व्यवस्था बनाए रखने और क्षेत्र में अमन-चैन करने साथ ही लोगों को सुरक्षा मुहैया कराने के लिए जिम्मेदार अधिकारियों को आवास की दरकार है। पुलिस विभाग के तीन सीओ को सर्किल मुख्यालय पर रहने के लिए सरकारी आवास का इंतजाम नहीं है। इसे लेकर एसपी ने डीएम को पत्र लिखा है।
जनपद में पुलिस महकमे में पांच सीओ हैं। इसमें बरहज, रुद्रपुर और भाटपाररानी के क्षेत्राधिकारी के लिए सर्किल मुख्यालय पर आवास नहीं है। जबकि शासन का निर्देश है कि सर्किल मुख्यालय के अधिकारी मुख्यालय पर ही रात्रि विश्राम करें। ऐसे में बरहज, रुद्रपुर व भाटपाररानी के सीओ आवास की व्यवस्था अपने स्तर से किए हैं। इस समस्या को एसपी ने गंभीरता से लिया है। एसपी डॉ. श्रीपति मिश्र ने बताया कि डीएम को इस संबंध में पत्र लिखकर अवगत कराया गया है।
पुलिस अधीक्षक डॉ. श्रीपति मिश्र ने डीएम को लिखे पत्र में कहा है कि सर्किल रुद्रपुर, बरहज एवं भाटपाररानी में पुलिस उपाधीक्षक को रहने के लिए पर्याप्त आवास नहीं है। वे अपने स्तर से आवास की व्यवस्था करके रहते हैं, जो इनके पद के अनुरूप नहीं है, जिससे असुविधा हो रही है। उन्होंने डीएम से अनुरोध किया कि एसडीएम के तहसील परिसर में उनकी जमीन पर क्षेत्राधिकारी के लिए आवास बनवाए जाने के लिए अनापत्ति शीघ्र उपलब्ध कराने का निर्देश दें, ताकि आगे की कार्रवाई की जा सके।