बरहज। क्षेत्र के गड़ौना गांव में सोमवार की शाम वीरपुर से बरात आई हुई थी। जयमाल के दौरान तीन बच्चे संदिग्ध परिस्थितियों में घायल हो गए।
तीनों को महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कालेज ले जाया गया। इसमें मदनपुर थाना क्षेत्र के महुईं खड़ेसर गांव निवासी और गड़ौना ननिहाल में रह रहे अभिनंदन उर्फ कान्हा विश्वकर्मा आठ वर्ष पुत्र निरंजन विश्वकर्मा की मेडिकल कालेज गोरखपुर में इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे का कारण तमंचे से फायर के दौरान छर्रा लगना बताया जा रहा है। गड़ौना गांव विद्याधर यादव के घर सकरापार के बभनी निवासी हरिलाल यादव के पुत्र आनंद यादव की बरात आई हुई थी। लोगों के अनुसार दरवाजे पर भोजन और जयमाल कार्यक्रम चल रहा था। इसी बीच तेज धमाका हुआ। जिसमें तीन अभिनंदन उर्फ कान्हा, गांव के ही अभिषेक उम्र 10 वर्ष पुत्र घुरहू प्रजापति और भोलू 10 वर्ष पुत्र राजेश प्रसाद घायल हो गए। घटना की जानकारी होने पर दरवाजे पर अफरातफरी मच गई। जानकारी होने पर परिजन भी मौके पर पहुंच गए।
खून से लथपथ बच्चों को इलाज के लिए ले जाया गया। जहां कान्हा की इलाज के दौरान मौत हो गई। अभिनंदन उर्फ कान्हा के मौत की जानकारी होने पर मां माया देवी को रो-रोकर बुरा हाल था। घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चा है। इंस्पेक्टर राहुल सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में नहीं है। पता कराता हूं।