रामपुर बुजुर्ग। श्रीरामपुर पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए ऑनलाइन गेमिंग के नाम पर ठगी करने के तीन आरोपियों को बृहस्पतिवार को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से एटीएम कार्ड, मोबाइल फोन, सिम कार्ड समेत बड़ी मात्रा में सामान बरामद किए हैं।
वहीं ठगी में इस्तेमाल किए गए 12 बैंक खातों में जमा 1.25 लाख रुपये भी फ्रीज कराए गए हैं। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर प्रतापपुर फैक्टरी की चहारदीवारी के पास से तीनों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपियों में नीतीश प्रताप सिंह निवासी चकरवा टोला प्रेम राय, कमलेश सिंह निवासी बैकुंठपुर और मृत्युंजय खटवा निवासी बैकुंठपुर थाना श्रीरामपुर शामिल हैं। पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे ऑनलाइन गेमिंग के नाम पर लोगों को जोड़कर फिशिंग लिंक और फर्जी भुगतान प्रक्रिया के जरिये खातों से रुपये निकालते थे।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 18 एटीएम कार्ड, दो बैंक पासबुक, तीन चेकबुक, सात एंड्रॉयड मोबाइल, दो कीपैड मोबाइल, 37 सिम पैकेट, एक लैपटॉप, चार स्कैनर, पासपोर्ट और 29,070 रुपये नकद बरामद किए हैं।
इस संबंध में प्रभारी थानाध्यक्ष विपिन यादव ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ आईटी एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।