अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देने का आरोपी गिरफ्तार
कूरियर के जरिए महिला को भेजता था आपत्तिजनक सामग्री
महुआडीह थानाक्षेत्र के एक गांव का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
देसही देवरिया। महुआडीह थानाक्षेत्र के एक गांव में महिला के मोबाइल फोन पर अश्लील वीडियो, एसएमएस भेजने व चार लाख रुपये नहीं मिलने पर वीडियो वायरल करने की धमकी देने के आरोपी युवक को पुलिस ने मंगलवार देर रात गिरफ्तार कर लिया। पुलिस केस दर्ज कर उससे पूछताछ कर रही है।
पुलिस को दी गई तहरीर में बताया गया है कि एक युवक मोबाइल पर कुछ महीनों से उसे अश्लील वीडियो और मैसेज भेजता था। साथ ही कूरियर से भी आपत्तिजनक सामान का बंडल भेजता था। उसने महिला को धमकी दी कि अगर उसे चार लाख रुपये नहीं मिले तो वह वीडियो वायरल कर देगा। इसके बाद महिला के पति ने पुलिस को तहरीर दी।
बताया कि युवक पिछले 10 महीनों से उनके व उनकी पत्नी के मोबाइल पर अश्लील वीडियो और एसएमएस भेज रहा था। उसे वायरल करने की धमकी देकर चार लाख रुपये की मांग कर रहा था। वहीं, कूरियर के जरिए वह 200 से अधिक आपत्तिजनक सामान भी भेज चुका है। इससे पति-पत्नी दोनों परेशान रहते थे। पति का आरोप कि उन्होंने इसकी शिकायत दो बार साइबर सेल में भी की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होने के बाद वे आजिज आकर बाहर कमाने चले गए।
वीडियो भेजने का सिलसिला जब लगातार बढ़ता गया तब थक-हारकर पति को घर लौटना पड़ा। घर आने के बाद पति ने पता किया तो आरोपी युवक थानाक्षेत्र के ही एक गांव का निकला है। पति की तहरीर पर पुलिस ने सोमवार को केस दर्ज किया गया। इस संबंध में एसओ महेंद्र कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि आरोपी पर केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। मोबाइल आदि बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है।