देवरिया जिले के सचौली पटवनिया के पात्र गृहस्थी कार्डधारकों ने मंगलवार को कोटेदार के खिलाफ तहसील में प्रदर्शन किया। उन्होंने कोटेदार पर अधिक रकम लेकर कम राशन देने का आरोप लगाकर एसडीएम को पत्रक दिया। कोटेदार की अनियमितता की शिकायत पहले से चल रही है। आरोप है कि कोटेदार शिकायत करने वालों से खार खाकर उन्हें राशन नहीं दे रहा है।
गांव के प्रधान गोरख पासवान, बीडीसी जितेंद्र यादव, रामदत्त यादव, राधेश्याम, हीरालाल पासवान, बसंत पासवान, जयसिंह यादव, गोपाल यादव, उपेंद्र सिंह, ओमप्रकाश सिंह, सोनमती देवी, गुलइचा देवी, सीमा, फूलपती, तेतरी, लालमती, मुन्नी, शकुंतला, मैनेजर, छविलाल चौधरी, अंगद, अवधेश आदि ने कहा कि कोटेदार राशन बांटने में मनमानी कर रहे हैं। वह कार्डधारकों को कम राशन तौलते हैं। विरोध करने पर गुंडागर्दी पर उतारू हो जाते हैं। उनकी अनियमितता की शिकायत करने पर वह कार्ड धारकों से खार खाए हुए हैं। जिन लोगों ने शिकायत की है उनको राशन नहीं दे रहे हैं। शिकायत की जांच नायब तहसीलदार कर रहे हैं।
इधर, राशन लेने गए कार्ड धारकों से मंगलवार को कोटेदार ने बदसलूकी की। उन्होंने कहा कि कोटेदार खुलेआम बोल रहे कि तौल में गल्ला कम मिल रहा है। इसलिए कम गल्ला लेना पड़ेगा। वह सीधे अधिकारियों को चुनौती दे रहे हैं। पीड़ित कार्डधारकों ने कोटेदार की दबंगई के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
उन्होंने कहा कि कोटेदार के खिलाफ कठोर कार्रवाई नहीं होगी तो पूरा गांव तहसील में धरना देगा। इस बाबत एनटीआर कर्ण सिंह ने कहा कि शपथपत्र के साथ जांच रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी गई है। न्यायोचित कार्रवाई होगी।