संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। सदर विधायक डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी के वाहन पर हमले की धमकी के बाद पुलिस सक्रिय हो गई है। विधायक से जुड़े लोगों का कहना है कि सीधी धमकी विधायक को नहीं मिली है।
हालांकि, शहर के एक पत्रकार ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया है कि एक शख्स ने उन्हें फोन कर गोली मारकर शरीर छलनी करने की धमकी दी है।पत्रकार ने यह भी दावा कि धमकी देने वाले शख्स ने सदर विधायक के वाहन पर हमला करने की बात भी कही है।
धमकी भरा ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि, ऑडियो की पुष्टि संवाद न्यूज एजेंसी नहीं करती है। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी विक्रांत वीर ने इसकी जांच सीओ सिटी संजय कुमार रेड्डी को सौंपी।
सीओ ने जांच मेंं तथ्य सही मिलने के बाद कोतवाली पुलिस को कार्रवाई करने के निर्देश दिए। कोतवाली पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी पर केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, गंभीरपुर गांव निवासी संतोष विश्वकर्मा ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कहा है कि वह पत्रकार है। बुधवार की दोपहर में एक शख्स ने फोन कर उन्हें गोलियों से छलनी करने की धमकी दी है।
सदर विधायक के वाहन पर भी हमले की धमकी दी है। इसके बाद धमकी देने वाले ने व्हाट्सएप पर असलहा की तस्वीर भी भेजी। पत्रकार ने पुलिस से सुरक्षा की मांग की है। सीओ सिटी ने बताया कि सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर एक ऑडियो वायरल हो रहा है।
इसमें एक शख्स द्वारा धमकी भरे शब्दों का इस्तेमाल किया जा रहा है। तहरीर के आधार पर रोहित यादव उर्फ मोहित पर केस दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।व