मदनपुर पुलिस ने पूछताछ के लिए कुछ लोगों को उठाया
संवाद न्यूज एजेंसी
बरहज। क्षेत्र के कोल्हुआं गांव में मंगलवार रात चोर छत के रास्ते गणेश पांडेय के घर में घुस गए। वहां से नकदी सहित लाखों के जेवर पर हाथ साफ कर दिया। चोरी की जानकारी होने पर घर में रोना-पिटना मच गया। सूचना पर मदनपुर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस मामले में कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
गांव के दक्षिण गणेश पांडेय का मकान है। पुलिस को दिए तहरीर में उन्होंने कहा है कि छत के रास्ते चोर घर में घुस गए। जो कमरे में रखे आलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे करीब पांच हजार रुपये नगदी सहित मंगलसूत्र, दो चैन, लाकेट, टीका, झुमका, झाला, अंगूठी, छह पीस पावजेब, चार पायल, छह पीस बिछुआ, चांदी का सिक्का आदि चुरा ले गए हैं। उन्होंने कहा है कि रात में चोरों की आवाज सुनकर लोग जग गए। शोर मचाने पर चोर भाग निकले। बगल के खेत में एक पैर का चप्पल भी मिला है। इंस्पेक्टर मदनपुर राजू सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच की जा रही है। एक संदिग्ध पकड़ा गया है। जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।