संबाद न्यूज एजेंसी
पैकौली। सुरौली थाना क्षेत्र के तिवई गांव में सोमवार की रात चोरों ने दो घरों में हाथ साफ किया। चोर नकदी, जेवरात समेत करीब 10 लाख रुपये का सामान उठा ले गए। सूचना पर पहुंची पुलिस, डाग स्क्वायड व फॉरेंसिक टीम ने दोनों घरों से फिंगर प्रिंट लिए। खोजी कुत्ता की मदद ली, मगर सफलता नहीं मिली। तिवई गांव निवासी लक्ष्मी प्रसाद यादव रिटायर्ड शिक्षक हैं। सोमवार की रात परिवार के लोग भोजन करने के बाद सो गए। इसी बीच घर के पीछे लगी खिड़की का ग्रिल तोड़कर चोर घर के अंदर घुस गए। अलमारी तथा बॉक्स को तोड़कर उसमें आभूषण आदि चुरा ले गए। मंगलवार की सुबह परिवार के लोगों नींद खुली तो घटना की जानकारी हुई। इसी रात गांव के रुद्रपुर मार्ग के किनारे बने रामकृपाल यादव के मकान में भी घर के पीछे लगी खिड़की का ग्रिल तोड़कर चोर घर में घुस गए। आलमारी, बाॅक्स तथा बेड को तोड़कर उनमें रखा चार अंगूठी, दो माला, डेढ़ लाख नकद सहित अन्य कीमती सामान समेट ले गए। सुबह परिवार के लोग सो कर उठे तो उन्हें घटना की जानकारी हुई। सीओ रुद्रपुर अंशुमन श्रीवास्तव ने बताया कि तिवई गांव में दो घरों में चोरी हुई है। पुलिस घटनास्थल का निरीक्षण की है। तहरीर मिलने पर केस दर्ज कर जांच की जाएगी।