संवाद न्यूज एजेंसी
सलेमपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र के विराजमार गांव में रविवार रात चोर प्राथमिक विद्यालय की छत पर चढ़कर सीढ़ी के रास्ते पूर्व प्रधान के घर में घुस गए और राॅड से ताला तोड़कर घर में रखे तीन लाख रुपये के आभूषण व दस हजार नकदी उठा ले गए।
बिराजमार गांव के पूर्व प्रधान हरिवंश कुशवाहा पुत्र छट्ठू कुशवाहा के परिवार के लोग रविवार रात भोजन कर सो गए थे। इसी बीच चोर प्राथमिक विद्यालय के पास स्थित उनके मकान में विद्यालय के छत से होकर घुस गए। इसके बाद घर में रखे करीब तीन लाख रुपये के आभूषण व दस हजार रुपये नकदी उठा ले गए। घटना की जानकारी होने पर कोतवाली के एसआई प्रयागदत्त चौबे मय फोर्स पहुंचे और घटना की तहकीकात किए। इस मामले में परिजन ने पुलिस को तहरीर दे दी है। अभी दस दिन पहले चोरों ने गोपालपुर और टेकनपुरा गांव में पांच घरों में सेंधमारी कर लाखों रुपये का सामान चुरा लिया था। अभी इस घटना का कोई सुराग भी नहीं मिला की चोरों ने पुनः निशाना बना दिया। कोतवाल गोपाल पांडेय ने बताया कि सोमवार होने के चलते मैं भोर में ही दीर्घेश्वरनाथ मंदिर चला गया था। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।