भाटपार रानी। नगर में पंजाब नेशनल बैंक के समीप बुधवार दोपहर करीब तीन बजे टप्पेबाज वृद्ध दंपती का बैग लेकर फरार हो गए। बैग में आठ हजार रुपये नकद और सोने के जेवरात रखे थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दंपती से घटना की जानकारी ली और छानबीन शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, गाजीपुर जिले के सादात नगर निवासी रमेश (55) अपनी पत्नी ममता देवी के साथ भाटपार रानी के वार्ड नंबर नौ स्थित बापू रोड निवासी अपने साले बृजराज ठठेरा के घर जा रहे थे। दोनों सलेमपुर में ट्रेन से उतरने के बाद टेंपो से भाटपार रानी पहुंचे। बीआरडी इंटर कॉलेज रोड पर पंजाब नेशनल बैंक के समीप प्यास लगने पर उन्होंने सड़क किनारे बैग रखा और नल पर पानी पीने लगे। इसी दौरान वहां घूम रहे टप्पेबाज उनका बैग लेकर फरार हो गए।
पानी पीने के बाद दंपती ने बैग गायब देखा तो शोर मचाया और अपने साले को सूचना दी। मौके पर पहुंचे बृजराज ने पुलिस को घटना की जानकारी दी।