देवरिया। नगर पालिका के नए वार्डों में पेयजल के लिए पाइप लाइन बिछाई जाएगी। इसके साथ ही पुराने मोहल्लों में भी गड़बड़ी को दुरुस्त किया जाएगा। राज्य वित्त मद से इस कार्य पर कुल 2.32 करोड़ रुपये खर्च होंगे। नगर पालिका प्रशासन की ओर से टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। महीने भर में कार्य शुरू होने की उम्मीद है। नगर पालिका परिषद क्षेत्र में प्रस्तावित विकास कार्यों को जिलाधिकारी ने मंजूरी दी है। इसके तहत वार्डों में पेयजल व्यवस्था दुरुस्त होगी। सभी वार्डों में लोगों को शुद्ध पेयजल मुहैया कराने के लिए पालिका परिषद की ओर से योजना बनाई गई है। वार्डों में जहां पेयजल पाइप लाइन नहीं बिछाई गई है, वहां पाइप लाइन बिछाई जाएगी।
शहर के 33 वार्डों में से अब तक मात्र 25 वार्डों में ही पेयजल आपूर्ति की व्यवस्था हुई है। इसमें कई वार्डों में आधे-अधूरे क्षेत्र में ही पाइप लाइन के जरिए पानी पहुंच रहा है। इस बीच सीमा विस्तार में आसपास के गांवों को भी नगर पालिका क्षेत्र में शामिल व नए आठ वार्ड का गठन कर लिया गया है। इस आबादी को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए नगर पालिका प्रशासन ने अब नए सिरे से प्रयास शुरू किए हैं। इसके तहत राज्य वित्त मद से करीब 2.32 करोड़ की लागत से पेयजल परियोजना का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा है। जिसके तहत शहर में लोगों के घरों तक पानी पहुंचाने के लिए पाइप लाइन बिछाई जाएगी। इस योजना की स्वीकृति मिलने के बाद शहर में पेयजल की समस्या से लोगों को निजात मिल जाएगी।
पालिका का सभी को स्वच्छ पेयजल पर जोर
नगर पालिका जलकल विभाग की मदद से वार्डों में पीने के पानी के लिए बिछाई जाने वाली पाइप लाइन का काम तेजी शुरू कराएगी। अभी शहर के कई वार्डों व नए वार्डों में पाइप लाइन नहीं थी, वहां पर पाइप लाइन बिछाई जाएगी ताकि हर घर तक जल पहुंचे। कई वार्डों में पाइप लाइन काफी गहरी थी जिसके चलते लीकेज होने के बाद गंदा पानी सप्लाई में आ जाता था। वहां भी नए सिरे से पाइप लाइन बिछाई जाएगी, ताकि स्वच्छ पेयजल पर्याप्त मात्रा में घरों में पहुंचे। पाइप लाइन का काम पूरा होने के बाद सभी को पेयजल की सुविधा मिलने लगेगी।